सीसीटीवी कैमरा लगाने,अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती
शहाबगंज। कस्बे में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं यातायात को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने मय फोर्स एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ पैदल गश्त किया। इस दौरान बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा व्यापारियों से संवाद स्थापित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

गश्त के दौरान थानाध्यक्ष ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें और दुकान के सामने वाहन खड़ा करने से बचें, जिससे आम लोगों को आवागमन में असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा को लेकर भी विशेष जोर देते हुए सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके और अपराधियों की पहचान आसान हो।
इस दौरान सुरेंद्र मोदनवाल, महमूद आलम, अजय जायसवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष कुंदन चौहान, राजकुमार जायसवाल रजल्लू,तसलीम अहमद, पिंटू जायसवाल, राकेश यादव, रिशाल जायसवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और कस्बे को अतिक्रमण मुक्त व सुरक्षित बनाने के लिए संयुक्त प्रयास करने की बात कही। पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला है।




