मार्च 2026 में 100% शिकायतों के निस्तारण पर 125 में 125 अंक, लगातार तीसरे माह बेहतर प्रदर्शन
चंदौली:
जनपद चंदौली पुलिस ने ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। उत्तर प्रदेश सरकार की समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के तहत माह मार्च 2026 की रैंकिंग में चंदौली पुलिस को 125 में 125 अंक प्राप्त हुए हैं। खास बात यह है कि लगातार तीसरे महीने जनपद ने यह उपलब्धि हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल द्वारा प्राप्त शिकायतों को संबंधित थानों को ऑनलाइन भेजा जाता है, जहां तय समय सीमा के भीतर उनकी जांच कर रिपोर्ट अपलोड की जाती है।
इसके साथ ही, शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर यह भी सुनिश्चित किया जाता है कि वह कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। इस पूरी प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग के चलते शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता में लगातार सुधार हुआ है।
प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का मूल्यांकन किया जाता है। इसी मूल्यांकन के आधार पर जारी रैंकिंग में चंदौली पुलिस ने शत-प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण कर पहला स्थान प्राप्त किया है।
इस उपलब्धि से पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी इसी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निस्तारण कर आमजन को बेहतर सेवा देने का प्रयास जारी रहेगा।

