जनता दर्शन में एसपी सख्त, सभी थानाध्यक्षों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण करने का दिया फरमान
चंदौली: जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल द्वारा गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जनता दर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे, जिनकी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया।
जनता दर्शन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने एक-एक फरियादी से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित मामलों में न्यायोचित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का आश्वासन दिया। कुल 34 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण के लिए उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी आकाश पटेल ने कहा कि चंदौली पुलिस की प्राथमिकता आमजन को त्वरित न्याय दिलाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर शिकायत को संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ लिया जाए तथा किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के समाधान के लिए निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और हर मामले में पारदर्शिता बनाए रखते हुए कार्यवाही की जाए।
इसके साथ ही एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान आने वाले नागरिकों, आवेदकों और फरियादियों के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनना और उनकी समस्याओं को समझना पुलिस की जिम्मेदारी है। प्रत्येक शिकायत का गुण-दोष के आधार पर परीक्षण कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि जनसुनवाई जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच संवाद को मजबूत करना है, जिससे लोग अपनी समस्याओं को बिना किसी संकोच के पुलिस के सामने रख सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भी नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित करें और स्थानीय स्तर पर ही अधिक से अधिक समस्याओं का समाधान करें। जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग का यह प्रयास रहा कि हर शिकायत का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण किया जाए, ताकि कानून-व्यवस्था बेहतर बनी रहे और आमजन को राहत मिल सके।



