बिजली लाइन में शार्ट सर्किट से खेतों में लगी आग, कई बीघा गेहूं की फसल स्वाहा
इलिया (चंदौली): इलिया थाना क्षेत्र के मनकपड़ा-पालपुर गांव के सीवान में शनिवार को विद्युत शार्ट सर्किट के कारण अचानक भीषण आग लग गई, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल देखते ही देखते आग की लपटों में समा गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के किसानों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उनकी महीनों की मेहनत पल भर में जलकर राख हो गई।

इस हादसे में मनकपड़ा गांव निवासी हनुमान मौर्य और पप्पू मौर्य की करीब डेढ़-डेढ़ बीघा, जबकि पालपुर गांव निवासी हजरत धोबी की सवा बीघा, महेंद्र खरवार की दो बीघा, घुरहु की एक बीघा तथा अरविंद की दो बीघा गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेतों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन में शार्ट सर्किट होने के बाद चिंगारी गिरी, जिससे सूखी फसल में आग भड़क उठी।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। वहीं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, किसान और युवक भी बाल्टी, पंपसेट और ट्यूबवेल के सहारे आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद काफी देर में आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कई बीघा गेहूं की फसल जल चुकी थी।
इस अग्निकांड से प्रभावित किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। किसानों ने बताया कि यह उनकी साल भर की मेहनत थी, जिससे उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कराने और पीड़ित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त कराने की भी मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




