अवैध सूदखोरी पर पुलिस का वार, ब्याज माफियाओं के खिलाफ चलेगा सख्त अभियान
चंदौली: जनपद में अवैध सूदखोरी के जरिए आम जनता का आर्थिक व मानसिक शोषण करने वाले ब्याज माफियाओं के विरुद्ध पुलिस ने सख्त अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री आकाश पटेल ने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना लाइसेंस धन उधार देने और मनमाने ब्याज की वसूली करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसपी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक थाना अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय ब्याज माफियाओं का चिन्हीकरण कर सूची तैयार करे। विशेष रूप से ऐसे लोगों पर नजर रखने को कहा गया है, जो गरीब और मजबूर लोगों को डरा-धमकाकर या सादे कागजों और चेक पर हस्ताक्षर कराकर उनकी संपत्ति हड़पने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश साहूकारी अधिनियम के तहत निर्धारित सीमा से अधिक ब्याज वसूलना दंडनीय अपराध है और बिना पंजीकरण के पैसा उधार देना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने यह भी निर्देश दिया कि यदि कोई पीड़ित शिकायत लेकर थाने आता है, तो उसकी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही जनपद में जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया है। पुलिस गांवों और कस्बों में जनसंवाद के माध्यम से लोगों को जागरूक करेगी, ताकि वे सूदखोरों के जाल में न फंसें और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति ब्याज के कारण परेशान है या उसे धमकाया जा रहा है, तो वह निडर होकर अपने नजदीकी थाने या वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करे। पीड़ित की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कड़ी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।




