“डीजे पर अश्लील व राजनीतिक गीतों पर रोक, शरारती तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर”
व्यवस्था में वालिंटियर निभायेंगे भूमिका, सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
शहाबगंज चंदौली। आगामी अंबेडकर जयंती पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से शनिवार को थाना परिसर में पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य लोगों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों की उपस्थिति रही, जहां त्योहार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज ने कहा कि अंबेडकर जयंती सामाजिक समरसता और भाईचारे का पर्व है, जिसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार का नया रास्ता या परंपरा शुरू न की जाए तथा पूर्व निर्धारित मार्गों का ही पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि मूर्ति स्थापना स्थलों पर रात के समय वालिंटियर तैनात रहेंगे, जो व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि डीजे पर किसी भी प्रकार के अश्लील या राजनीतिक गीत बजाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। केवल पर्व से संबंधित गीत ही बजाए जाएं, जिससे माहौल सौहार्दपूर्ण बना रहे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि शरारती तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उपनिरीक्षक रामचंद्र शाही, अंगद सिंह, शिवानंद सिंह, चंद्रभान, कमलाकांत सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रधान लालब्रत पासवान, रामजीत साहनी, पम्मी सिंह, नित्यानंद खरवार, सुरेंद्र मोदनवाल, अजय जायसवाल, महमूद आलम, रजल्लू जायसवाल, कुंदन चौहान, सोनू जायसवाल, सतीश कुमार, जितेन्द्र कुमार,चंदन श्रीवास्तव, अभिषेक वर्मा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




