थाना बबुरी में बड़ी कार्रवाई, 4419 लीटर अवैध शराब जेसीबी से नष्ट
बबुरी (चंदौली):
जनपद चंदौली में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक श्री आकाश पटेल के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के तहत थाना बबुरी पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान विभिन्न अभियोगों में बरामद कुल 4419.6 लीटर अवैध अंग्रेजी, देशी व कच्ची शराब का विधिवत विनष्टीकरण कराया गया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई मा. न्यायालय जे.एम. चकिया के आदेश के अनुपालन में की गई। विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई, जिसमें वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। थाना बबुरी परिसर में निर्धारित मानकों के अनुसार जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर सभी अवैध शराब को उसमें डालकर पूरी तरह नष्ट किया गया।

पुलिस के अनुसार, विनष्टीकरण में कुल 12 अभियोगों से संबंधित शराब शामिल थी, जिसमें 90.6 लीटर कच्ची/देशी शराब तथा 4329 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल रही। यह शराब पूर्व में विभिन्न मामलों में बरामद कर सुरक्षित रखी गई थी, जिसे न्यायालय के आदेश के बाद नियमानुसार नष्ट किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना तथा इस अवैध धंधे में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ा संदेश देना है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विनष्टीकरण की इस कार्रवाई के दौरान गठित टीम के अध्यक्ष अभियोजन अधिकारी श्री विपिन कुमार, आबकारी निरीक्षक कनिज फातिमा, फौजदारी लिपिक अरविंद कुमार, उप नाजिर/वरिष्ठ लिपिक राजाराम विश्वकर्मा, प्रभारी निरीक्षक थाना बबुरी श्री विनोद कुमार मिश्र तथा मुख्य आरक्षी निरंजन प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया को विधिसम्मत तरीके से पूरा किया गया।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय स्तर पर भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल है और लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है। आमजन का मानना है कि इस तरह की लगातार कार्रवाई से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और समाज को इस अवैध कारोबार से सुरक्षित रखा जा सके।





