घण्टा, हण्डा व त्रिशूल बरामद, एक अभियुक्त गिरफ्तार
चन्दौली/मुगलसराय: जनपद में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ग्राम चौरहट स्थित माँ दुर्गा मंदिर से हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
यह घटना 15/16 अप्रैल 2026 की रात्रि की है, जब अज्ञात चोर द्वारा मंदिर से घण्टा, हण्डा व त्रिशूल चोरी कर लिया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
चेकिंग के दौरान रेलवे पुलिया के पास पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली, जिसके आधार पर पड़ाव रामनगर रोड स्थित रेलवे पुलिया के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हिमांशु कुमार खरवार (29 वर्ष) निवासी खोजवा, थाना भेलूपुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया घण्टा, हण्डा व त्रिशूल (पीली धातु) बरामद किया गया।
मौके पर मंदिर के पुजारी को बुलाकर बरामद सामान की शिनाख्त कराई गई, जिसमें उन्होंने उक्त सामान को अपने मंदिर का ही बताया। इसके आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है।
बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज, पुलिस टीम की सराहना
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना मुगलसराय में मुकदमा अपराध संख्या 175/2026 धारा 305(D) व 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल बसंत सिंह व रजनीश राय की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण हेतु अभियान लगातार जारी है।




