तस्करी में संलिप्त 2 अभियुक्त गिरफ्तार, जंगल से पकड़ाया गिरोह
चकिया : चन्दौली पुलिस द्वारा गोतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नौगढ़ पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चन्द्रप्रभा डैम के पास जंगल क्षेत्र से 06 राशि गोवंश बरामद करते हुए तस्करी में संलिप्त 02 अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी गोवंशों को क्रूरता पूर्वक बांधकर वध के उद्देश्य से बिहार ले जा रहे थे।
इस संबंध में थाना नौगढ़ पर मुकदमा अपराध संख्या 39/2026 धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में खुला तस्करी का पूरा नेटवर्क
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे मिर्जापुर के ग्रामीण क्षेत्रों से सस्ते दामों पर गोवंश खरीदते थे तथा आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे लावारिस गोवंशों को हांककर जंगलों में एकत्रित करते थे। जब पर्याप्त संख्या में गोवंश इकट्ठा हो जाते थे, तब उन्हें पैदल ही जंगल के रास्तों से बिहार ले जाया जाता था।
पुलिस के अनुसार यह एक संगठित तस्करी का तरीका था, जिसमें गोवंशों को बांधकर और मारते-पीटते हुए ले जाया जाता था, जिससे पशु क्रूरता भी स्पष्ट रूप से सामने आई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कन्हैया (50 वर्ष) निवासी बोदलपुर थाना चकिया व चन्द्रशेखर साहनी (35 वर्ष) निवासी प्रभुनारायणपुर जंगल चुड़िया थाना चकिया के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पहले भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं, जिससे इनके तस्करी गिरोह से जुड़े होने की पुष्टि होती है।
इस कार्रवाई को थाना नौगढ़ पुलिस टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जिसमें प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक तरुण पाण्डेय, उपनिरीक्षक सुजीत कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में गोतस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।




