छात्रों की कामयाबी पर ग्रामीण स्कूल के शिक्षक ने रचा इतिहास,एनएमएमएस में शानदार प्रदर्शन, शिक्षक केशरी नंदन जायसवाल को लखनऊ में मिला सम्मान
शहाबगंज, चंदौली। पूर्व माध्यमिक विद्यालय शहाबगंज के शिक्षक केशरी नंदन जायसवाल ने अपने उत्कृष्ट शैक्षिक योगदान से एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। उनके मार्गदर्शन में पढ़ने वाले 8 छात्रों ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) में सफलता हासिल की, जिसके लिए उन्हें राजधानी लखनऊ में आयोजित एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया।आज
19 अप्रैल रविवार को रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल, लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में केशरी नंदन जायसवाल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन देने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता दिलाने के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिक्षकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लिया और उनके कार्यों की सराहना की।

बताया जाता है कि एनएमएमएस परीक्षा मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले छात्रों को कक्षा 9 से 12 तक प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है, जिससे उनकी पढ़ाई आर्थिक बाधाओं से प्रभावित नहीं होती। ऐसे में एक ही विद्यालय से 8 छात्रों का चयन होना न केवल बड़ी उपलब्धि है, बल्कि यह विद्यालय की गुणवत्ता और शिक्षक के समर्पण को भी दर्शाता है।

केशरी नंदन जायसवाल की इस सफलता के पीछे उनकी निरंतर मेहनत और छात्रों के प्रति लगन को प्रमुख कारण माना जा रहा है। वे नियमित कक्षाओं के साथ-साथ बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी भी कराते हैं। उनके इसी प्रयास का परिणाम है कि ग्रामीण परिवेश के छात्र भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। अन्य शिक्षकों ने इसे टीमवर्क का परिणाम बताते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही यह सफलता संभव हो पाई है। वहीं अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी शिक्षक की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी प्रेरित करती हैं।

गौरतलब है कि जनपद में बहुत कम विद्यालय ऐसे हैं, जहां से एक साथ इतने छात्रों का चयन होता है। ऐसे में शहाबगंज के इस विद्यालय ने एक नई मिसाल कायम की है। शिक्षक के सम्मान और छात्रों की सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल बना हुआ है। लोगों को उम्मीद है कि भविष्य में भी केशरी नंदन जायसवाल के मार्गदर्शन में छात्र इसी तरह सफलता हासिल करते रहेंगे और जनपद का नाम रोशन करते रहेंगे।



