मारपीट के बाद फायरिंग से दहशत, पुलिस ने संभाला मोर्चा
चंदौली:
कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हारा गांव में रविवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद अचानक हिंसक हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट और उसके बाद फायरिंग की घटना सामने आई। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि गांव में दो परिवारों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह मामूली बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे और एक पक्ष द्वारा फायरिंग कर दी गई, जिससे कई लोग घायल हो गए।

फायरिंग और मारपीट में एक पक्ष के मानेवर(28), लखेवर (60), दुलारे (29), संत बिलास (43), कुंदन (45) और श्याम लाल (45) गोली से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के पंकज (14), सुशीला (13), अमित (18) और संकुंतला (35) को भी चोटें आई हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया और मौके पर स्थिति को नियंत्रण में लिया। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला आपसी रंजिश से जुड़ा है और हर पहलू की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।




