भीषण टक्कर में बुलेट के उड़े परखच्चे, इलाज के दौरान जिला अस्पताल में तोड़ा दम
शहाबगंज (चंदौली): थाना क्षेत्र के फत्तेपुर खुर्द के पास रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार पूर्व सैनिक की मौत हो गई। डीसीएम ट्रक और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट बाइक के परखच्चे उड़ गए। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीसीएम ट्रक ब्रेड लादकर चंदौली से शहाबगंज होते हुए चकिया की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन चकिया चंदौली मार्ग पर फत्तेपुर खुर्द गांव के समीप पहुंचा, सामने से आ रही बुलेट बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई ।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान राजेश यादव (45) निवासी महमदपुर, कैथवलिया, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में नौगढ़ क्षेत्र में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। रविवार सुबह वह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही दुर्घटना में शामिल डीसीएम ट्रक और उसके चालक को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




