एनएच-19 पर चेकिंग में पकड़ी गई गोतस्करी,
सैयदराजा चंदौली:
जनपद में गोतस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सक्रिय पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से 7 गोवंश बरामद करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
थाना सैयदराजा पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन से गोवंश की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दिनांक 23 अप्रैल 2026 को एनएच-19 हाईवे के उत्तरी लेन पर स्थित काले पीर बाबा के मजार के पास, ग्राम जेठमलपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध महेन्द्रा पिकअप (सफेद रंग) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 7 गोवंश (सांड) बरामद किए गए, जिनमें 6 जीवित और 1 मृत पाया गया। इसके अलावा मौके से एक चापड़ भी बरामद किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जसीम अहमद पुत्र मोहम्मद अकील निवासी चक फतेह अली शाह, थाना कोतवाली देहात, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 34 वर्ष बताई गई है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी डीसीआरबी शाखा से जुटाई जा रही है। इस मामले में थाना सैयदराजा पर मु0अ0सं0 119/26 के तहत धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम, 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 109/325 बीएनएस तथा 4/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामदगी का स्थान एनएच-2 हाईवे की उत्तरी लेन पर काले पीर बाबा मजार से करीब 100 मीटर पूर्व, ग्राम जेठमलपुर बताया गया है। यह कार्रवाई 23 अप्रैल 2026 को रात करीब 11:45 बजे की गई।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, हेड कांस्टेबल नसीरुद्दीन, कांस्टेबल शंकर प्रसाद तथा चालक हेड कांस्टेबल विरेश कुमार की अहम भूमिका रही।चंदौली पुलिस द्वारा गोतस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधों में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




