शराब बनी जानलेवा: कोमल तिवारी की हत्या में दोनों आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
शहाबगंज, चंदौली। गजधरा गांव निवासी 65 वर्षीय कोमल तिवारी की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।रविवार को हुए इस हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। अब पुलिस लोगों से पूछताछ कर घटना की पूरी सच्चाई जानने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को रज्जुपुर स्थित देसी शराब की दुकान के पास कोमल तिवारी अपने परिचित संजय तिवारी और अमरनाथ यादव के साथ बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान कोमल तिवारी को गंभीर चोटें आई।, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद कोमल तिवारी के घायल होने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक कोमल तिवारी अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि 18 वर्षीय संजना तिवारी और 21 वर्षीय जागेश्वर तिवारी अविवाहित हैं। पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और अब पूरे परिवार की जिम्मेदारी बेटे जागेश्वर पर आ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संजय तिवारी और अमरनाथ यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रियंका सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गठित कर दी गई है दोनों आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना में इस्तेमाल किए गए तथ्यों व परिस्थितियों की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की असली वजह क्या थी और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला शराब के नशे में हुए विवाद का लग रहा है, लेकिन हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इधर, घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, ताकि इस हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आ सके। सीओ रघुराज ने कहा कि जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे खगाले जा रहे हैं। और साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं शीघ्र ही आरोपित सलाखों के अंदर होंगे।




