ट्रेन में हुई हत्या के बाद अब जीवक हॉस्पिटल में महिला को मारी गोली, लोगों में दहशत
चंदौली : जिले में लगातार हो रही सनसनीखेज घटनाओं ने लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। रविवार को ट्रेन में दो यात्री को गोली मारकर नीचे फेंके जाने की घटना की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि सोमवार सुबह अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित जीवक हॉस्पिटल में भर्ती महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लगातार दो दिनों में हुई इन दुस्साहसिक घटनाओं के बाद अब जिलेभर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
लोग सवाल उठा रहे हैं कि कहीं इन घटनाओं के पीछे कोई एक ही शूटर या सिरफिरा अपराधी तो सक्रिय नहीं है, जो लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा है। सोशल मीडिया से लेकर चौराहों और बाजारों तक इसी बात की चर्चा होती रही। खासकर जीवक हॉस्पिटल की घटना ने लोगों को ज्यादा डरा दिया है, क्योंकि अस्पताल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान में घुसकर हत्या कर देना अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को दर्शाता है।
बताया जा रहा है कि जीवक हॉस्पिटल में सोमवार सुबह एक युवक बीपी चेक कराने के बहाने अस्पताल में दाखिल हुआ और सीधे उस वार्ड में पहुंच गया, जहां बिहार निवासी 55 वर्षीय लक्ष्मीना देवी भर्ती थीं। इसके बाद उसने महिला को सर में गोली मार दी। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को ग्रामीणों और अस्पताल कर्मचारियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं दूसरी ओर रविवार को ट्रेन में गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना भी अभी रहस्य बनी हुई है। तीनों घटनाओं में गोली का इस्तेमाल होने और अपराधियों के बेखौफ अंदाज ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि पकड़े गए शूटर के पास पिट्ठू बैग के साथ दो असलहा बरामद हुआ है। पूर्व की घटना में भी पुलिस पिट्ठू बैग वाले व्यक्ति की तलाश कर रही थी।पुलिस विभाग का कहना है कि अभी सभी मामलों को जोड़कर देखना जल्दबाजी होगी। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जाएगी।
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि अस्पताल में हुई हत्या के मामले में आरोपी हिरासत में है। उससे पूछताछ कर हत्या के कारण और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। यदि जांच में किसी अन्य घटना से संबंध सामने आता है तो उस दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद लोगों ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। खासकर रेलवे और अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही तीनों घटनाओं के कई अहम खुलासे किए जाएंगे। घटना के बाद सभी विभागों के अधिकारी मामले की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।




