जीवक हॉस्पिटल पहुंचे एडीजी पियूष मोर्डिया
जीवक हॉस्पिटल में दिनदहाड़े वारदात, ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचा
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव स्थित जीवक हॉस्पिटल में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अस्पताल के वार्ड में घुसकर भर्ती महिला मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को अस्पताल कर्मचारियों और ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बिहार निवासी 55 वर्षीय लक्ष्मीना देवी पिछले कुछ दिनों से जीवक हॉस्पिटल में भर्ती थीं और उनका इलाज चल रहा था। सोमवार सुबह एक युवक अस्पताल पहुंचा और स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि उसे अपना ब्लड प्रेशर (बीपी) चेक कराना है। इसी बहाने वह अस्पताल के अंदर दाखिल हो गया। किसी को इस बात का अंदेशा नहीं था कि युवक हत्या की नीयत से आया है।

बताया जा रहा है कि युवक सीधे उस वार्ड में पहुंचा, जहां लक्ष्मीना देवी भर्ती थीं। वहां पहुंचते ही उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। अस्पताल कर्मियों ने तत्काल उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल परिसर में गोली चलने की आवाज सुनते ही मरीजों और कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से भागने लगा, लेकिन अस्पताल कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। लोगों ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और तत्काल अलीनगर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जाफरपुरवा चौकी पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अस्पताल परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी रही।
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी का महिला से क्या संबंध था और हत्या के पीछे की वजह क्या रही। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश या पारिवारिक विवाद से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
दिनदहाड़े अस्पताल के भीतर हुई इस सनसनीखेज हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद कमलापुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने एहतियातन अस्पताल परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।
जीवक हॉस्पिटल में महिला को गोली मारने वाले अभियुक्त का वीडियो
महिला की मौत के बाबत वक्तव्य देते पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल




