आंधी-तूफान बना काल, दीवार गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत
चकिया। बुधवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने इलाके में भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़, बिजली के खंभे और मकानों की दीवारें गिर गईं। इस दौरान अलग-अलग हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजन देर रात दोनों को लेकर संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शिकारगंज निवासी गुलाब कनौजिया अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान तेज तूफान के कारण मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

वहीं दूसरा हादसा करवदिया गांव में हुआ, जहां एक बनवासी महिला अपने घर में थी। तेज आंधी के कारण कच्चे मकान की दीवार गिर गई और महिला उसके नीचे दब गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आंधी-तूफान की वजह से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जगह-जगह पेड़ और बिजली के तार गिरने से रास्ते भी बाधित रहे। ग्रामीणों ने बताया कि तूफान इतना तेज था कि कई लोगों के मकानों की छतें तक उड़ गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।




