शराब के नशे में धुत दूल्हे को देख दुल्हन पक्ष ने तोड़ी शादी
द्वार पूजा के बाद बिगड़ी दूल्हे की हालत, शादी से पीछे हटा लड़की पक्ष
नशे में धुत दूल्हे पर भड़का कन्या पक्ष, तीन लाख खर्च की रखी मांग
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को एक शादी समारोह मे उस समय विवाद हो गया, जब दूल्हा शराब के नशे में धुत होकर अजीब हरकतें करने लगा। मंडप तक पहुंची बारात को बिना शादी के ही वापस लौटना पड़ा। लड़की पक्ष ने शादी की तैयारियों में खर्च हुए तीन लाख रुपये की मांग करते हुए दूल्हे पक्ष को रोक लिया।
जानकारी के अनुसार, इलिया निवासी राममूरत के तीन पुत्र हैं। उनके दो बड़े पुत्र अजय और विजयमल राम की शादी पहले ही हो चुकी है, जबकि सबसे छोटे पुत्र संतोष की शादी सदर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती से तय हुई थी। बुधवार शाम बारात धूमधाम से लड़की पक्ष के दरवाजे पर पहुंची। द्वार पूजा के बाद दूल्हे संतोष की तबीयत बिगड़ने लगी और वह जमीन पर लेटकर अजीब हरकतें करने लगा।
शुरुआत में लोगों को लगा कि दूल्हे को कोई बीमारी है, लेकिन बाद में पता चला कि उसने अपने दोस्तों के साथ कार में बैठकर शराब और चिकन का सेवन किया था। इसकी जानकारी मिलते ही लड़की पक्ष ने शादी की रस्में रोक दीं।
दूल्हे की हालत देखकर बारातियों में भी हड़कंप मच गया। लड़की पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया और शादी की तैयारियों में खर्च हुए करीब तीन लाख रुपये की मांग की। घटना को लेकर दोनों पक्षों में देर रात तक बातचीत चलती रही।
इस घटना की इलाके में खूब चर्चा रही। लोगों ने विवाह समारोहों में शराब सेवन को लेकर नाराजगी जताई।




