पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई, शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
चन्दौली।
जनपद में जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुधवार को जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जमीन विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद, धोखाधड़ी, उत्पीड़न समेत विभिन्न मामलों को लेकर बड़ी संख्या में लोग पुलिस कार्यालय पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए न्यायोचित और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
एसपी आकाश पटेल ने कहा कि आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना और उनकी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना चन्दौली पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों से स्वयं वार्ता कर मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि कार्यालय या थाने पर आने वाले प्रत्येक नागरिक, आवेदक और फरियादी के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों का गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में कुल 38 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए।




