ढुन्नू गांव में आग का कहर, गरीब परिवार की मेहनत की कमाई स्वाहा
केबल लाइन में फाल्ट से भड़की आग, चार बकरी के बच्चे समेत सामान जला
शहाबगंज। थाना क्षेत्र के ढुन्नू गांव में शनिवार की सुबह शॉर्ट सर्किट से लगी आग में एक कच्चा मड़ईनुमा मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में घरेलू सामान समेत लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी राम निहोरे विश्वकर्मा के कच्चे मड़ईनुमा मकान के ऊपर से गुजरी केबल लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते निकली चिंगारी ने मड़ई को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के लोग सामान निकाल भी नहीं सके। घटना में दो साइकिल, चार बकरी के बच्चे, बेड, बिस्तर, चारपाई ,पंखा, चौकी समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए।

आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बाल्टी और पानी के सहारे काफी देर तक प्रयास कर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के अन्य मकान चपेट में आने से बच गए।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं मामले की सूचना लेखपाल को भी दे दी गई है। पीड़ित परिवार ने बताया कि आग लगने से उनका भारी नुकसान हुआ है और अब उनके सामने रोजमर्रा की समस्या खड़ी हो गई है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।




