बड़गावां में खेल महाकुंभ का आगाज, जमा खान बोले– युवा ही देश की असली ताकत
शहाबगंज, चंदौली।
विकासखंड क्षेत्र के बड़गावां गांव में शहंशाह स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित सीजन-6 नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान एवं पूर्व विधायक तथा पावर ग्रिड कारपोरेशन के डायरेक्टर शिव तपस्या पासवान ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रीय लोगों और खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही। उद्घाटन मैच इलिया और चकिया की टीमों के बीच खेला गया। मैच बेहद रोमांचक रहा, जहां खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। रात भर खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर मंत्री जमा खान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं की प्रतिभा निखरती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल आपसी भाईचारे, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं। सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
वहीं शिव तपस्या पासवान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि गांवों में इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करती हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि शहंशाह स्पोर्टिंग क्लब द्वारा लगातार छह वर्षों से प्रतियोगिता का सफल आयोजन कराना सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम के दौरान मुस्ताक खान, तनवीर अहमद, इबरार अली शाकिब, हारुन, महताब, शानू, आकिब, आमिर, राशिद, गोलू, भोलू, राशिद इकरार, आरिफ, अमन, मिथिलेश सहित तमाम क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।




