नवही पुलिया के पास लेने के विवाद में मारपीट, पथराव कर किया वाहन क्षतिग्रस्त और 49 हजार रुपये लुटने का आरोप
शहाबगंज /चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र नवही पुलिया के पास गुरुवार को हाइवा चालक और ऑटो चालक के बीच पास लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में हाइवा चालक के साथ मारपीट, वाहन पर पथराव और 49 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया गया है। घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। खास बात यह रही कि शहाबगंज थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह के स्थानांतरण के अगले ही दिन इस तरह की वारदात सामने आने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हाइवा वाहन चंदौली से गिट्टी खाली कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान नवही पुलिया के पास एक ऑटो चालक से रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहन चालकों के बीच पहले मामूली विवाद हुआ, वाहन विशुनपुरा पेट्रोल पंप के समीप पहुचते ही कुछ ही देर में मामला बढ़ गया। आरोप है कि ऑटो चालक ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और विशुनपुरा पेट्रोल पंप के समीप हाइवा वाहन को रोककर हंगामा शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पेट्रोल पंप के पास सड़क पर चक्का जाम कर दिया गया। इस दौरान हाइवा पर जमकर पथराव किया गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। और शीशा टूट गया हाइवा चालक ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई और हमलावरों ने उसके पास रखे लगभग 49 हजार रुपये भी छीन लिए। अचानक हुई घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
घटना के बाद हाइवा चालक किसी तरह वाहन लेकर सीधे शहाबगंज थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। चालक का कहना है कि हमलावर काफी आक्रामक थे और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह के स्थानांतरण के तुरंत बाद हुई इस घटना ने लोगों को चिंतित कर दिया है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाने पर पीड़ित चालक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।




