पति के साथ रहने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी नवविवाहिता
चकिया चंदौली।
क्षेत्र की एक नवविवाहिता द्वारा पति के साथ रहने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से मंगलवार की सुबह हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने कई घंटों की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।
जानकारी के अनुसार, मुहम्मदाबाद निवासी नंदिनी चौहान 20 वर्ष की इसी वर्ष विशाल चौहान के साथ प्रेम विवाह (लव मैरिज) हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ माह बाद ही दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके बाद विशाल चौहान नंदिनी से अलग रहने लगा। इससे आहत नंदिनी मंगलवार की सुबह क्षेत्र स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और पति के साथ रखने की मांग करने लगी।

टावर पर महिला को चढ़ा देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर जमा हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब कई घंटे तक चले प्रयास के दौरान पुलिसकर्मियों, स्थानीय लोगों तथा परिजनों ने नंदिनी को समझाया। काफी मान-मनौव्वल के बाद वह टावर से नीचे उतरने को तैयार हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न हो, इसके लिए पुलिस लगातार मौके पर मुस्तैद रही। महिला के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।

पुलिस का कहना है कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। दोनों पक्षों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस घटना की पूरे क्षेत्र में चर्चा बनी रही और टावर के नीचे घंटों तक लोगों की भीड़ लगी रही।




