आबादी के बीच गुजर रही हाईटेंशन लाइन बनी जानलेवा, 12 वर्षीय बालक मेडिकल कॉलेज रेफर
शहाबगंज (चंदौली)। शहाबगंज कस्बे में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज चंदौली रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी राजाराम का 12 वर्षीय पुत्र सुन्दरम अपने साथियों के साथ घर के समीप खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद पास में बने टीनशेड की छत पर जा गिरी। गेंद नीचे लाने के लिए सुन्दरम टीनशेड पर चढ़ गया। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और जोरदार चीख-पुकार मच गई।
बालक की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने किसी तरह उसे हाईटेंशन लाइन के प्रभाव क्षेत्र से सुरक्षित नीचे उतारा और घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बालक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज ले गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने बताया कि करंट लगने से बालक के शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज चंदौली रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद कस्बे में दहशत और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से हादसों का खतरा बनी हुई है। लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइनों की ऊंचाई बढ़ाई जाए अथवा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




