मूसाखाड़ राजकीय इंटर कॉलेज में पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन व वन विभाग का पौधरोपण अभियान, छात्रों ने लिया हरियाली बचाने का संकल्प
चन्दौली एक्सप्रेस | इलिया
पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन उत्तर प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे दस दिवसीय ‘वृक्षारोपण संकल्प अभियान’ के आठवें दिन गुरुवार को शहाबगंज विकासखंड के मूसाखाड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। चकिया रेंज, काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में आम, आंवला, बेल, जामुन, अमरूद और सागौन सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ तहसीलदार देवेंद्र कुमार, नगर पंचायत चकिया अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी चौबे, प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार श्रीवास्तव तथा नायब तहसीलदार आलोक निषाद ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों ने पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
“पेड़ काटने वाले थक जाएंगे, आप पौधे लगाते रहिए” का संदेश देते हुए तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी देखभाल और पहले से मौजूद पेड़ों की रक्षा करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा अवैध रूप से पेड़ों की कटाई की सूचना तत्काल संबंधित विभाग या डायल-112 पर देने की अपील की।

नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि “यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकता है।” उन्होंने अपने निजी अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्षों पहले लगाए गए पौधे आज विशाल वृक्ष बनकर लोगों को छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान कर रहे हैं।
वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी चौबे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब छात्र, सामाजिक संगठन और आम नागरिक एक साथ आगे आते हैं, तभी हरियाली का सपना साकार होता है।
कार्यक्रम में भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अशोक कुमार, पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन के प्रबंधक प्रशांत कुमार, उपाध्यक्ष शीतला केशरी, पत्रकार अरुण कुमार, शिक्षक अश्वनी कुमार, धनशेखर, अनिल कुमार, सुजीत कुमार, शहबाज अली, उमेश, दिवाकर, चंद यादव, वन दरोगा रामआशीष, वन दरोगा अमित यादव, वन रक्षक शिवबक्स, आदित्य सिंह, अमित सिंह, मोहम्मद आजाद, कोषाध्यक्ष अमरदीप गुप्ता, सौरभ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।




