दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर चलना हुआ दुश्वार, स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं गिरकर हो रहे चोटिल
चकिया चंदौली। बेलावर बंधी के नीचे से गुजरने वाला सैदूपुर-छीत्तमपुर मार्ग इन दिनों राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। बंधी के पास सड़क पर मिट्टी फैलने और बारिश के कारण पूरा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया है। हालात यह हैं कि दोपहिया वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है, जबकि पैदल राहगीरों के लिए भी मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है।
सैदूपुर से छीत्तमपुर जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ता है। छीत्तमपुर, ढोढनपुर तालां, मुबारकपुर, मुसाखाड़ सहित वनांचल क्षेत्र के गांवों के ग्रामीण प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। बाजार, विद्यालय, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोगों का इस सड़क से आना-जाना होता है। ऐसे में बंधी के पास सड़क की बदहाल स्थिति से हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक बेलावर बंधी पर बंधी डिवीजन की ओर से मेड़बंदी और मिट्टी का कार्य कराया गया था। आरोप है कि कार्य के दौरान डाली गई मिट्टी को सही ढंग से दबाकर मजबूत नहीं किया गया। बारिश शुरू होते ही बंधी की मिट्टी कटकर नीचे स्थित सैदूपुर-छीत्तमपुर मार्ग पर आने लगी। वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क पर फैली मिट्टी अब गहरे कीचड़ और फिसलन में बदल गई है।
मार्ग पर जगह-जगह वाहनों के पहियों के गहरे निशान बन गए हैं। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे साइकिल और पैदल इसी रास्ते से विद्यालय जाते हैं। कीचड़ में साइकिल फिसलने से आए दिन छात्र-छात्राएं गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई बार बच्चों के कपड़े और किताबें भी कीचड़ में खराब हो जा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि बारिश के दौरान पैदल चलना भी दुश्वार हो जाता है। वाहन चालकों को कीचड़ से बचने के लिए सड़क के किनारे से निकलना पड़ रहा है। इससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने बंधी डिवीजन और संबंधित अधिकारियों से सड़क पर फैली मिट्टी को तत्काल हटवाने तथा बंधी की मेड़ पर डाली गई मिट्टी को ठीक ढंग से दबाकर सुरक्षित कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेताया कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मार्ग पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।




