शाहपुर गांव की घटना, संयुक्त चिकित्सालय चकिया में चल रहा इलाज; पूर्व प्रधान ने प्रशासन से की मुआवजे की मांग
चकिया चंदौली। क्षेत्र के शाहपुर गांव में गुरुवार को तेज हवा और बारिश के चलते एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे की चपेट में आने से एक महिला और उसके दो बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायलों को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय चकिया पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।
शाहपुर गांव निवासी निषा पत्नी गुल्लू का कच्चा मकान गुरुवार को तेज हवा और बारिश के दौरान अचानक गिर गया। हादसे में गुल्लू की पुत्री वंदना (28 वर्ष), वंदना की छह वर्षीय पुत्री अनन्या और तीन वर्षीय पुत्र अमन घायल हो गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय चकिया ले जाया गया। चिकित्सकों की देखरेख में तीनों घायलों का इलाज किया जा रहा है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व ग्राम प्रधान उपेंद्र पांडेय ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग उठाई। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर नुकसान का आकलन कराने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।




