मोबाइल व नकदी बरामद; यूपी के विभिन्न स्थानों से वाहन चोरी करने की बात आई सामने
इलिया, चंदौली। इलिया थाना पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए उत्तर प्रदेश से बिहार ले जा रहे थे। मालदह पुलिया के पास पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से दो बिना नंबर की मोटरसाइकिल, एक एंड्रायड मोबाइल फोन और 970 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थानाध्यक्ष इलिया चंदन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम नौ जुलाई को मालदह पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी। दोनों के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिलें थीं। पुलिस ने उन्हें रोककर मोटरसाइकिलों से संबंधित कागजात मांगे और पूछताछ शुरू की।
पुलिस के मुताबिक जांच और पूछताछ के दौरान दोनों मोटरसाइकिलों के चोरी की होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जगदीश कुमार पुत्र बनवारी निवासी ग्राम ककरहिया रामगढ़, थाना चैनपुर, जनपद कैमूर भभुआ बिहार और संजय चौहान पुत्र रमायन चौहान निवासी ग्राम मेढ़, थाना चैनपुर, जनपद कैमूर भभुआ बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार जगदीश की उम्र करीब 20 वर्ष और संजय की उम्र करीब 22 वर्ष है।
यूपी से वाहन चोरी कर बिहार में बेचने की थी तैयारी
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों से वाहनों की चोरी करते हैं। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि पूर्व में चोरी की गई दोनों मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए बिहार लेकर जा रहे थे। इसी दौरान मालदह पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही इलिया पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस अब आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर वाहन चोरी से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जांच की जा रही है कि उन्हें कहां से और कब चोरी किया गया था।
बीएनएस की धारा में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में इलिया थाने में मुकदमा अपराध संख्या 60/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव, उपनिरीक्षक रवींद्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विजय कुमार राय, हेड कांस्टेबल कल्लन यादव, सौरभ जायसवाल और राहुल कुशवाहा शामिल रहे।




