बरहुआ स्थित चंदौली एक्सप्रेस कार्यालय पर बोलते हुए कही— शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों का सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा हमारी प्राथमिकता
चकिया चंदौली। समाजवादी पार्टी से स्नातक क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) आशुतोष सिन्हा ने कहा कि शिक्षक, कर्मचारी, युवा और आम जनता से जुड़े मुद्दों को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों का सम्मान और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना किसी भी विकसित समाज की आधारशिला है।
मंगलवार को चंदौली प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। शिक्षकों की लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान, विद्यालयों में संसाधनों की उपलब्धता और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त आधार है।

एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षा, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करती रही है। शिक्षक, छात्र, कर्मचारी और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ यह संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उन्हें शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना हर जनप्रतिनिधि का दायित्व है। सड़क, बिजली, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार को संवेदनशील होकर कार्य करना चाहिए ताकि आम लोगों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र, निष्पक्ष और जनपक्षधर पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मीडिया समाज की आवाज़ बनकर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाता है और शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाने का कार्य करता है। स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सशक्त मीडिया का होना आवश्यक है।
अपने चंदौली दौरे के दौरान एमएलसी आशुतोष सिन्हा चंदौली एक्सप्रेस कार्यालय भी पहुंचे, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि स्थानीय पत्रकारिता समाज की वास्तविक तस्वीर सामने लाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि चंदौली एक्सप्रेस क्षेत्र की समस्याओं, शिक्षा, किसानों, युवाओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर सामाजिक सरोकारों का निर्वहन कर रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संस्थान आगे भी निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता की अपनी परंपरा को इसी तरह आगे बढ़ाता रहेगा। इस दौरान क्षेत्रीय विकास, शिक्षा व्यवस्था और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान रमेश मौर्य, भूपेंद्र यादव, सत्यप्रकाश तिवारी,दीनदयाल सिंह, एहसान अली, उपेंद्र पाण्डेय, सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे




