बाईक चोरी मामले में पुलिस की कार्रवाई, बरामदगी के बाद पूछताछ में लाए गए युवक को सीने में हुआ दर्द
शहाबगंज (चंदौली)।
विकास खंड मुख्यालय परिसर से तीन जुलाई को चोरी हुई बाइक को शहाबगंज पुलिस ने बरामद कर लिया है। बाइक चोरी प्रकरण में पूछताछ के लिए थाने लाए गए एक युवक की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत पर पुलिस ने उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को भी दे दी है।
जानकारी के अनुसार सलया गांव निवासी लक्ष्मण कुमार तीन जुलाई को किसी आवश्यक कार्य से विकास खंड मुख्यालय आए थे। उन्होंने अपनी बाइक परिसर में खड़ी कर ग्राम विकास अधिकारी से मिलने चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक अपने स्थान पर नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने शहाबगंज थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।

पुलिस जांच में पता चला कि चोरी की बाइक चकिया कोतवाली क्षेत्र के डूहीसूही गांव में है। पुलिस टीम ने छापेमारी कर बाइक बरामद कर ली। सूत्रों के अनुसार बाइक चोरी करने वाले व्यक्ति ने उक्त बाइक डूहीसूही निवासी शैलेश कुमार को बेच दी थी। बरामदगी के बाद पुलिस शैलेश कुमार को पूछताछ के लिए शहाबगंज थाने लेकर आई।
पूछताछ के दौरान मंगलवार को शैलेश कुमार ने अचानक घबराहट और सीने में दर्द की शिकायत की। इसके बाद थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज भिजवाया। वहां चिकित्सक डॉ. निलेश मालवीय ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने तत्काल परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी।

थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि बाइक चोरी के मामले में पूछताछ के लिए युवक को थाने लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसने घबराहट की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने बिना किसी देरी के उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि चोरी की बाइक बरामद कर ली गई है और पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सूत्रों का कहना है कि पुलिस पूछताछ के दौरान युवक काफी घबराया हुआ था और इसी बीच उसने सीने में दर्द की शिकायत की। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से केवल घबराहट और तबीयत खराब होने की पुष्टि की गई है। मामले की जांच जारी है तथा बाइक चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।




