पत्नी समेत चार बच्चों को छोड़ गया मृतक, पुलिस जांच में जुटी
शहाबगंज (चंदौली)। थाना क्षेत्र के केराडीह गांव में शुक्रवार सुबह एक अधेड़ का शव केशव बाबा मंदिर के पास आम के पेड़ से फंदे के सहारे लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार केराडीह गांव निवासी विशुन विश्वकर्मा (50) का शव गांव के दक्षिण दिशा स्थित केशव बाबा मंदिर के पास आम के पेड़ से लटकता मिला। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना अन्य लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
मृतक अपने पीछे पत्नी मुनिया देवी, तीन पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। सभी बच्चे अविवाहित हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार विशुन विश्वकर्मा शराब पीने का आदी था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह भी उन्हें गांव के दक्षिण दिशा की ओर जाते हुए देखा गया था। कुछ देर बाद उनके फंदे से लटकने की सूचना मिली। हालांकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



