आधे घंटे तक कामकाज ठप विभागीय आश्वासन के बाद खुला ताला
शहाबगंज (चंदौली)। शहाबगंज स्थित यूनियन बैंक शाखा में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब भवन का तीन वर्षों से बकाया किराया नहीं मिलने से नाराज मकान मालिक ने बैंक के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया। अचानक बैंक बंद होने से ग्राहकों की लंबी कतार लग गई और करीब आधे घंटे तक बैंक का समस्त कामकाज ठप रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह बैंक खुलने के समय ही मकान मालिक बैंक पहुंचे और किराया भुगतान न होने पर नाराजगी जताते हुए मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद बैंक में आने वाले ग्राहकों को बाहर ही इंतजार करना पड़ा। नकदी निकासी, जमा, पासबुक अपडेट और अन्य बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहीं।
घटना की जानकारी मिलते ही शाखा प्रबंधक मौके पर पहुंचे और मकान मालिक से बातचीत शुरू की। काफी देर तक चली वार्ता के दौरान बैंक प्रबंधन ने मामले का समाधान कराने और बकाया किराया भुगतान के संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया। इसके बाद मकान मालिक ने ताला खोल दिया, जिससे करीब आधे घंटे बाद बैंक का संचालन सामान्य हो सका।
मकान मालिक का आरोप है कि बैंक प्रशासन द्वारा पिछले तीन वर्षों से भवन का किराया नहीं दिया गया है। कई बार मौखिक और लिखित रूप से भुगतान की मांग करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि बार-बार अनुरोध के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर मजबूर होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
वहीं बैंक प्रबंधन का कहना है कि किराया भुगतान से संबंधित मामला उच्च स्तर पर लंबित है। मकान मालिक से सकारात्मक वार्ता हुई है और शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
घटना के दौरान बैंक परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जुटी रही। हालांकि किसी प्रकार का विवाद या कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं हुई। ताला खुलने के बाद बैंक का कामकाज सामान्य रूप से शुरू हो गया और ग्राहकों को सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।




