चार गांवों में लगेंगे बीएसएनएल टावर
चकिया चंदौली
जनपद के सीमावर्ती और वनांचल क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या जल्द दूर होने जा रही है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने चकिया और नौगढ़ विकासखंड के चार नेटवर्क-विहीन गांवों—छितमपुर, चिकनी, देवरी कला और ताला—में बीएसएनएल के बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे हजारों ग्रामीणों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क और हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा मिल सकेगी।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की पहल और दूरसंचार विभाग के साथ लगातार समन्वय का परिणाम है कि लंबे समय से नेटवर्क से वंचित इन गांवों को यह सुविधा मिलने जा रही है। प्रशासन का कहना है कि डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत होने से ग्रामीण क्षेत्रों में संचार व्यवस्था के साथ-साथ ऑनलाइन सेवाओं का भी विस्तार होगा।
मोबाइल टावर स्थापित होने के बाद ग्रामीणों को निर्बाध वॉयस कॉल और तेज इंटरनेट सेवा उपलब्ध होगी। विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई और डिजिटल अध्ययन सामग्री तक आसानी से पहुंच मिलेगी। ई-बैंकिंग, यूपीआई और अन्य ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग सुगम होगा। वहीं आपातकालीन परिस्थितियों में एम्बुलेंस, पुलिस तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से संपर्क करना भी आसान हो जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, चकिया और नौगढ़ विकासखंड के 13 अन्य नेटवर्क-विहीन गांवों में भी बीटीएस स्थापना का प्रस्ताव दूरसंचार विभाग को भेजा गया है। यह प्रस्ताव विभागीय स्तर पर विचाराधीन है। स्वीकृति मिलते ही इन गांवों में भी मोबाइल टावर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि “जनपद के प्रत्येक नागरिक तक निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण दूरसंचार सेवाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में अन्य नेटवर्क-विहीन गांवों को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।”




