पूर्व प्रधान विजय शंकर सिंह ‘बाबिल’ की पहल पर हुए विकास कार्यों का पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने किया लोकार्पण
चंदौली एक्सप्रेस | इलिया
शहाबगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत खिलची रजड़िहा के परमंदापुर व आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही सड़क और जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे होने के बाद ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। शनिवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया।
प्रधान विजय शंकर सिंह ‘बाबिल’ की पहल पर रामलाल की दुकान से राजाराम की दुकान तक सीवर नाली, मुख्य मार्ग से राजाराम की दुकान तक सीसी सड़क एवं रिटर्निंग वॉल तथा खखड़ा के कुशहा में मुख्य मार्ग से महेंद्र तिवारी के घर तक सीसी सड़क और सीवर नाली का निर्माण कराया गया। इसके अलावा बरियारपुर गेट के समीप गोपाल सिंह के खेत के पास पुलिया तथा खखड़ा के सेनुराडीह में रामजी के खेत के समीप छलका एवं पुल का निर्माण भी कराया गया, जिससे बरसात के दिनों में जल निकासी और आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होगी। वहीं ग्राम पंचायत की ओर से मुख्य मार्ग से जोधा के घर तक सीसी, जोधा के घर से मिश्री के घर तक सीसी तथा मिश्री के घर से रामा के घर तक सीसी सड़क का निर्माण कराया गया। इससे गांव की गलियों में जलभराव, कीचड़ और आवागमन की परेशानी से लोगों को राहत मिलेगी। लोकार्पण के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास तभी संभव है, जब सड़क, नाली, पुलिया और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं मजबूत हों। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए और इसी उद्देश्य के साथ लगातार कार्य कराए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि कभी छोटा सा गांव रहा परमंदापुर आज आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए एक उभरते हुए बाजार के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। यहां दैनिक उपयोग की अधिकांश वस्तुएं उपलब्ध होने लगी हैं, जिससे लोगों को अब 8 से 10 किलोमीटर दूर इलिया अथवा धरौली बाजार नहीं जाना पड़ता। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी प्रकार विकास कार्यों की गति बनी रही तो आने वाले समय में परमंदापुर क्षेत्र का प्रमुख ग्रामीण बाजार बनकर उभरेगा।
ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान विजय शंकर सिंह ‘बाबिल’ द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की शुरुआत हुई है। इससे गांव के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों का जीवन भी आसान होगा।
इस अवसर पर कुलदीप सिंह, बनारसी सिंह, मंटू सिंह, उत्तम सिंह, विकेश सिंह, बबुवा जी, डब्लू सिंह, विकास,राम अवध सिंह, रामभरत सिंह,अमन सिंह, राजीव शंकर उर्फ बबुआ जी,धर्मराज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




