लतीफशाह बांध के समीप बने पर्यटन स्थल की बदहाली, ग्रामीणों ने उठाए रखरखाव पर सवाल
इलिया (चंदौली)। चंदौली जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में शामिल लतीफशाह बांध के समीप पर्यटकों की सुविधा के लिए करीब 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित हाट बाजार आज बदहाली और गंदगी का शिकार बना हुआ है। लाखों रुपये खर्च कर तैयार की गई इस सुविधा का उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना था, लेकिन रखरखाव के अभाव में यह परिसर अब कूड़े-कचरे और अव्यवस्था का केंद्र बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार लतीफशाह बांध पर वर्षभर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए हाट बाजार परिसर में टिन शेड का निर्माण कराया गया था तथा बैठने के लिए पक्की सीटों की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि पर्यटक आराम से बैठकर बांध की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकें। शुरुआती दिनों में यह स्थल लोगों के आकर्षण का केंद्र था, लेकिन समय बीतने के साथ इसकी नियमित सफाई और देखरेख बंद हो गई।

वर्तमान में परिसर में जगह-जगह कूड़े-कचरे के ढेर लगे हैं। जली हुई लकड़ियों और राख के अवशेष बिखरे पड़े हैं, जबकि आवारा पशुओं का जमावड़ा भी यहां आम बात हो गई है। इससे न केवल परिसर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि पर्यटकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कई पर्यटक गंदगी देखकर बिना रुके वापस लौट जाते हैं, जिससे क्षेत्र की पर्यटन छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि हाट बाजार की बदहाल स्थिति की जानकारी कई बार एडीओ पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक न तो नियमित सफाई की व्यवस्था की गई और न ही किसी प्रकार का रखरखाव कराया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो सरकार की लाखों रुपये की लागत से बनी यह योजना पूरी तरह बेकार हो जाएगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि हाट बाजार परिसर की नियमित साफ-सफाई कराई जाए, कूड़े के निस्तारण की स्थायी व्यवस्था बनाई जाए तथा परिसर की निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और सरकारी धन से निर्मित इस सुविधा का उद्देश्य पूरा हो सके।
इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) अविनाश कुमार ने कहा कि यदि हाट बाजार में गंदगी और रखरखाव की कमी की शिकायत मिली है तो मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




