बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा जरूरी, अभिभावकों से किया सहयोग का आह्वान
शहाबगंज (चंदौली): स्कूल चलो अभियान को प्रभावी बनाने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को खंड शिक्षाधिकारी अजय कुमार ने शहाबगंज क्षेत्र की बनवासी बस्ती का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से घर-घर संपर्क कर बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े बच्चों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
खंड शिक्षाधिकारी ने अभिभावकों को बताया कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को निःशुल्क शिक्षा के साथ पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग, स्वेटर तथा मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं का लाभ तभी मिलेगा जब बच्चे नियमित रूप से विद्यालय आएंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन कराकर उन्हें प्रतिदिन विद्यालय भेजने का आह्वान किया।

खंड शिक्षाधिकारी अजय कुमार ने बच्चों से भी बातचीत की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित विद्यालय आने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए शिक्षा को सबसे मजबूत आधार बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित समाज का निर्माण करता है और बनवासी समाज के बच्चों को भी मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
भ्रमण के दौरान शिक्षकों ने भी अभिभावकों को शिक्षा के महत्व एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा बच्चों के नियमित विद्यालय आने पर जोर दिया। इस अवसर पर शिक्षक बिजई प्रसाद, शिक्षिका बबीता सहित अन्य अध्यापक मौजूद रहे।




