सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस टीम की मदद से हुई बरामदगी, वर्ष 2026 में अब तक 418 मोबाइल किए जा चुके हैं वापस
चंदौली एक्सप्रेस | चंदौली
गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके 111 लोगों के चेहरे मंगलवार को उस समय खुशी से खिल उठे, जब चंदौली पुलिस ने उनके मोबाइल फोन उन्हें वापस सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं और तकनीकी जांच के आधार पर विभिन्न स्थानों से कुल 111 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 35.20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर की मौजूदगी में सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी जताई और चंदौली पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों और सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर स्वाट व सर्विलांस टीम को मोबाइल खोजने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी और ट्रेसिंग अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों से मोबाइल बरामद किए और सत्यापन के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक कुल 418 गुम या खोए हुए मोबाइल फोन उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 21 लाख रुपये है। इससे पहले 3 मार्च को 75, 20 अप्रैल को 121 तथा 3 जून को 111 मोबाइल फोन बरामद कर वितरित किए जा चुके हैं।

थानावार बरामद मोबाइल
सकलडीहा – 31
मुगलसराय – 13
चंदौली – 12
बबुरी – 9
धीना – 8
चकिया – 7
कंदवा – 7
सैयदराजा – 7
शहाबगंज – 6
चकरघट्टा – 4
सर्विलांस सेल – 4
इलिया – 2
नौगढ़ – 1
कुल बरामद मोबाइल – 111
इस अभियान में स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा सहित स्वाट और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस की अपील

चंदौली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन खो जाए तो घबराने की बजाय तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाने, सीएससी केंद्र या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र देकर पुलिस की सहायता प्राप्त की जा सकती है।




