जीवनाथपुर विद्युत उपकेंद्र के पास हुआ हादसा, मौके पर जुटी भीड़
शहाबगंज चंदौली।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जीवनाथपुर विद्युत उपकेंद्र के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।
मृतक की पहचान शहाबगंज थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी पुष्पेश मौर्य (35) के रूप में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार, तलाश में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस टीम दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के चलते कुछ समय तक घटनास्थल के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।




