बिठवल कला गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा, ऑटो सवार सभी पांचों लोग गंज ख्वाजा के निवासी
बबुरी (चंदौली)। बबुरी थाना क्षेत्र के चकिया-मुगलसराय मार्ग पर बिठवल कला गांव के पास मंगलवार को ट्रेलर और ऑटो में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन को लेकर चकिया की ओर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, चंदौली क्षेत्र के गंज ख्वाजा गांव निवासी सूरज प्रधान, रवि (ऑटो चालक), लड्डू, राहुल, विशाल और लतीफ शाह घूमने के लिए गए थे। वापस लौटते समय बबुरी थाना क्षेत्र के बिठवल कला गांव के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तत्काल पुलिस के 112 नंबर और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भेजा।

चिकित्सकों ने जांच के बाद राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल चार अन्य लोगों का उपचार चल रहा है। सभी पांचों लोग चंदौली के गंज ख्वाजा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी है।




