–क्षेत्र में गूंजा ‘सरकार की आमद मरहबा’ का नारा —
— ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस में बच्चों ने दिया अमन – चैन का पैगाम —
शहाबगंज।
हजरत मुहम्मद साहब का जन्मदिन जश्ने ईद मिलादुन्नबी का त्योहार बुधवार को बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। ईद मिलादुन्नबी के मुकद्दस मौके पर क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में बारावफात का जुलूस गांजे-बाजे और लाव लश्कर के साथ निकाला गया। सैकड़ों की संख्या में जुलूस में शामिल लोग इस्लामी झंडे को हाथ में लेकर ‘सरकार की आमद मरहबा’ के नारे लगाते चल रहे थे।
क्षेत्र के मदरसा गरीब नवाज बड़गावां व खालिलिया साबिरिया गौसूल उलूम अरबिक पब्लिक स्कूल सिहोरिया गांव से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकला। इस अवसर पर उक्त जुलूस के माध्यम से बच्चों ने समाज को अमन- चैन का पैगाम दिया। इसी बीच युवाओं ने जगह- जगह रुक कर मोहम्मद साहब के नारे लगाए। जुलूस बड़गांवा,ठेकहां,सिहोरिया, शहाबगंज होते हुए शिवपुर इसरौलिया से भ्रमण कर पुनः अपने नियत स्थान पर पहुंचा। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। मोहम्मद साहब को याद करते हुए लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर बारावफात की बधाइयां भी दीं।इस दौरान लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। छोटे छोटे बच्चे भी बड़े ही उत्साह के साथ हाथों में झंडे लिए जुलूस में चल रहे थे।

जुलूस के दौरान जगह जगह बच्चों को नमकीन ,बिस्किट,पानी,शरबत और मिठाई बांटा गया।ईद मिलादुन्नबी को लेकर मस्जिदों दरगाहों, घरों को फूलों,लाईटों,इस्लमिक झंडों व गुब्बारों से सजाया गया था।बारावफात के मौके पर शाम को बड़गावां मदरसे में परंपरागत तरीके से जलसे का आयोजन किया गया। जिसमें खिताब करते हुए मौलाना अब्दुल हलीम ने कहा कि आज ही के दिन मक्का में हजरत मोहम्मद साहब का जन्म हुआ था।जिसकी खुशी सारे जहां में लोग जश्ने ईद मिलादुन्नबी के के नाम से मनाते हैं।कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जिंदगी इंसानियत के लिए सबसे बड़ा उस्वा-ए-हसना है ।उनकी तालीम पर अमल करके ही हम समाज में मोहब्बत इंसाफ और भाईचारा कम कर सकते हैं। इस मुबारक मौके पर गरीबों यतीमों और जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए और आपसी नफरतों को खत्म कर मोहब्बत का पैगाम फैलाना चाहिए। इस दौरान मदरसा के प्रबन्धक जमील अहमद, प्रधानाचार्य जुनैद अहमद,कारी अली अकबर, हाफीज हसीब अहमद, मुस्लिम अंसारी,सबा परवीन, ज्ञानेश्वर यादव,महताब अहमद,राकिब,फुजैल खां,हरिलाल ,इरफान,शहनवाज,आकिब,शानू, सलाहुद्दीन,तुफैल खांन,अल्तजा हुसैन,शाकिब,आमिर,रिजवान, शाकिब,अमन,पप्पू,आदि लोग मौजूद थे।





