तीन युवकों की आकस्मिक मौत पर जताया गहरा शोक, गांव की समस्याओं के समाधान और शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने का दिया भरोसा
शहाबगंज (चंदौली)।
थाना क्षेत्र के किड़िहिरा गांव में कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत के बाद बुधवार को समाजवादी पार्टी के सोनभद्र सांसद छोटे लाल खरवार पीड़ित परिवारों से मिलने गांव पहुंचे। सांसद ने मृतकों के स्वजन से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।
ज्ञात हो कि किड़िहिरा गांव में बंद और संकरे कुएं से समरसेबल निकालने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से पांच लोग अचेत हो गए थे। घटना में तीन युवकों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोगों को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था। हृदयविदारक घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।

मृतकों के स्वजन से ली घटना की जानकारी
बुधवार को गांव पहुंचे सांसद छोटे लाल खरवार ने मृतकों के स्वजन से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से बातचीत करते हुए उनके दुख में शामिल होने और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सांसद ने कहा कि एक ही परिवार के तीन लोगों की इस तरह आकस्मिक मौत बेहद दुखद है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी स्तर पर संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और शासन स्तर तक पहुंचाकर समाधान कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
गांव की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष गांव की विभिन्न समस्याओं को भी रखा। सांसद ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि गांव की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान प्रशासनिक स्तर पर कराया जा सकता है, उनके लिए अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने को कहा जाएगा। गांव की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए भी हरसंभव प्रयास किया जाएगा। और उन्हें भरोसा दिलाया कि बिजली के खंभे, टूटी पुलिया, पानी की व्यवस्था और आवागमन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी और शासन-प्रशासन के स्तर से जो भी मदद संभव होगी, उसे दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सांसद ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि समस्याओं को केवल सुनकर छोड़ नहीं दिया जाएगा, बल्कि संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई कराई जाएगी। ग्रामीणों ने सांसद के आश्वासन पर भरोसा जताते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन
सांसद छोटे लाल खरवार ने मृतकों के परिजनों को शासन स्तर से मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलाने के लिए भी प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शासन और प्रशासन के समक्ष मामला रखा जाएगा तथा नियमानुसार मिलने वाली सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा
बारिश में गिरा मेराजुद्दीन का कच्चा मकान, सांसद ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
किड़िहिरा गांव में पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान सांसद छोटे लाल खरवार को जानकारी मिली कि पास ही रहने वाले मेराजुद्दीन का कच्चा मकान बारिश के कारण गिर गया है। जानकारी मिलते ही सांसद मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया।उन्होंने मेराजुद्दीन और उसके परिवार से बातचीत कर घटना की जानकारी ली तथा उनकी परेशानी को गंभीरता से सुना। मकान गिरने से परिवार के सामने आवास की समस्या खड़ी हो गई है। सांसद ने मौके से ही संबंधित उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से फोन पर बातचीत की और परिवार की स्थिति से अवगत कराते हुए नियमानुसार आवास की व्यवस्था कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
सांसद ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता और आवास का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान गरीब परिवार का कच्चा मकान गिरना गंभीर समस्या है और प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पीड़ित परिवार की मदद करनी चाहिए।
सांसद के इस पहल से परिवार को राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने भी सांसद से गांव में बारिश से प्रभावित अन्य गरीब परिवारों की स्थिति का जायजा लेकर उन्हें भी शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
सांसद छोटे लाल खरवार के किड़िहिरा पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष गांव की विभिन्न समस्याएं रखते हुए उनके समाधान की मांग की।
किड़िहिरा में हुई दर्दनाक घटना के बाद अब भी हर तरफ गम का माहौल है। तीन युवकों की आकस्मिक मौत से पीड़ित स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सांसद छोटे लाल खरवार ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रभु नारायण यादव, मुस्ताक डब्लू, सुधाकर कुशवाहा, लड्डू खां, टोनी खरवार, सजाउद्दीन प्रधान, तनवीर खां, अशहद खां, अजय गुप्ता, वसीउद्दीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




