लंबे समय से फरार शातिर भी पुलिस की पकड़ से नहीं बच सके, अप्रैल से अब तक 46 इनामियों की गिरफ्तारी; अकेले अगस्त में 17 पर हुई कार्रवाई
चन्दौली एक्सप्रेस | चंदौली।
जनपद में अपराधियों के खिलाफ चंदौली पुलिस ने अब ऐसा अभियान छेड़ा है, जिसमें लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अपराधियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में इनामी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अप्रैल माह से अब तक 46 इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं अगस्त माह में ही पुलिस ने 17 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर अपनी कार्रवाई की रफ्तार को और तेज किया है।
पुलिस की लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई का असर यह है कि एक साल से अधिक समय से फरार चल रहे इनामी अपराधी भी अब पुलिस की पकड़ में आ रहे हैं। गिरफ्तार किए गए 46 इनामियों में पांच ऐसे अभियुक्त हैं, जो एक वर्ष से अधिक समय से वांछित चल रहे थे। इनमें अगस्त माह में ही दो ऐसे अपराधियों की गिरफ्तारी की गई, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। चंदौली पुलिस का यह अभियान केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। गोवंश तस्करी, हत्या, POCSO एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, भ्रष्टाचार, अवैध शराब, गोवंश तस्करी में वित्तीय लेन-देन और NDPS एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में वांछित अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही उनकी गतिविधियों और नेटवर्क की भी निगरानी कर रही है।
लंबे समय से वांछित इनामी अभियुक्तों में रंजय सिंह पुत्र राजेश्वर सिंह निवासी गोबरिया धरना प्लांट डिपो, थाना मुगलसराय शामिल है। उसके खिलाफ मु0अ0सं0 320/2013, धारा 354(ख)/504/506 भादवि एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट के मामले में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसी तरह दिलीप कुशवाहा उर्फ छोटू पुत्र नगेन्द्र सिंह निवासी बनखड़ा, थाना राजापाकड़, जिला वैशाली, बिहार पर थाना मुगलसराय में दर्ज मु0अ0सं0 43/15, धारा 364ए/506 भादवि के मामले में 50 हजार रुपये का इनाम था। वहीं अरबाज नट उर्फ खबरी पुत्र जलालुद्दीन नट निवासी कुशहां, थाना धीना, जनपद चंदौली के खिलाफ मु0अ0सं0 04/2018, धारा 363/366 भादवि एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के मामले में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की कार्रवाई में ऐसे लंबे समय से फरार आरोपियों पर भी शिकंजा कसता जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमें लगातार वांछित और इनामी अपराधियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस का फोकस अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क पर भी है। विशेष रूप से गोवंश तस्करी से जुड़े वित्तीय लेन-देन, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी तथा अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ऐसी संपत्तियों और वित्तीय गतिविधियों के खिलाफ भी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अप्रैल से अब तक 46 और अगस्त में 17 इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी यह बताती है कि चंदौली पुलिस ने इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान को पूरी गंभीरता के साथ आगे बढ़ाया है। पुलिस की लगातार दबिश और कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।



