निचले इलाकों में बढ़ा खतरा, घरों में घुसा पानी; नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हालांकि सुबह 10 बजे के बाद नदी का जलस्तर धीरे-धीरे घटने लगा, प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की दी हिदायत
शहाबगंज (चंदौली)। लगातार हो रही बारिश के चलते कर्मनाशा नदी का जलस्तर बढ़ने से बुधवार की सुबह क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया। नदी का पानी पुराने पुल के ऊपर से बहने लगा, जबकि आसपास के निचले इलाकों में पानी पहुंचने से कई घर भी प्रभावित हुए। नदी किनारे रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और किसी भी परिस्थिति में लापरवाही न बरतने की अपील की।
स्थिति की सूचना मिलने पर बुधवार की सुबह नायब तहसीलदार आरिफ अंसारी मौके पर पहुंचे और कर्मनाशा नदी के बढ़ते जलस्तर तथा आसपास के इलाकों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नदी किनारे रहने वाले लोगों से बातचीत करते हुए उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पानी बढ़ने की स्थिति में घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थान पर रख लें और जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।

वहीं, सुबह-सुबह कर्मनाशा नदी के नए पुल पर भी लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोग नदी में बढ़े पानी को देखने के साथ ही फोटो और सेल्फी लेते नजर आए। नदी का बहाव तेज होने के कारण प्रशासन ने लोगों से इस तरह जोखिम न उठाने की अपील की। पुलिस प्रशासन भी स्थिति को लेकर अलर्ट मोड पर रहा।
सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया है, ताकि लोग पुल के पास पहुंचकर किसी तरह का जोखिम न लें। पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और लोगों को सुरक्षित रहने के लिए समझाया जा रहा है।

हालांकि राहत की बात यह रही कि सुबह करीब 10 बजे के बाद कर्मनाशा नदी का जलस्तर धीरे-धीरे काफी घटने लगा। पानी कम होने के साथ ही लोगों ने भी राहत की सांस ली। इसके बावजूद नदी का जलस्तर और आसपास के निचले इलाकों की स्थिति पर प्रशासन की निगाह बनी हुई है, क्योंकि क्षेत्र में लगातार बारिश होने से दोबारा जलस्तर बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि जलस्तर कम होने के बावजूद अभी पूरी तरह लापरवाही न बरतें। नदी के तेज बहाव के पास जाने, पुल पर खड़े होकर फोटो या सेल्फी लेने से बचें और प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग को पार न करें।
फिलहाल जलस्तर में गिरावट से लोगों को कुछ राहत मिली है, लेकिन लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




