चकिया

कटवा माफी पीएचसी पर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

सीएमओ को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे ग्रामीण, दो घंटे बाद पहुंचे अधिकारी; स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती और व्यवस्थाएं सुधारने का मिला आश्वासन

इलिया (चंदौली)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटवा माफी पर चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को अस्पताल के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अस्पताल में नियमित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की मांग की। प्रदर्शनकारी मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। करीब दो घंटे बाद पहुंचे सीएमओ डॉ. परितोष मिश्रा ने ग्रामीणों से वार्ता कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।

ग्रामीणों का आरोप है कि कटवा माफी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पिछले कई वर्षों से चिकित्सक और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपलब्धता नहीं होने के कारण क्षेत्रीय लोगों को स्वास्थ्य केंद्र का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल में उपचार की सुविधा नहीं मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इससे ग्रामीणों को समय और धन दोनों खर्च करने पड़ रहे हैं।

मंगलवार की सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे और अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक सीएमओ मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं नहीं सुनते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन ग्रामीण सीएमओ को मौके पर बुलाने की मांग पर डटे रहे।

स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती का मिला भरोसा

करीब दो घंटे बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई कराने और क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराने की मांग रखी।

सीएमओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तत्काल स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी और मरीजों को हर संभव स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई तथा बाउंड्रीवाल की मरम्मत की मांग पर भी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

सीएमओ डॉ. परितोष मिश्रा ने बताया कि जिले में चिकित्सकों के 42 पद रिक्त हैं। चिकित्सकों की कमी के चलते सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने में कठिनाई हो रही है। इसके बावजूद मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि कटवा माफी पीएचसी की बाउंड्रीवाल समेत अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। प्रदर्शन के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेपी गुप्ता, डॉ. चंद्रगुप्त, डॉ. परशुराम सिंह, कृष्णानंद पांडेय, अभय पांडेय, मकसूदन विश्वकर्मा, प्रताप पांडेय, नागा गिरि, बलिराम पासवान, शहादुर बनवासी, बसंती देवी, मझजराती देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Chandauli Express

Chandauli Express

About Author

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

किसान चकिया

जॉब कार्ड न बनने से भड़के लाभार्थी, गांव में प्रदर्शन कर बीडीओ के खिलाफ की नारेबाजी

इलिया (चंदौली)भुड़कुड़ा गांव में मनरेगा जॉब कार्ड न बनाए जाने से नाराज दर्जनों लाभार्थियों ने शनिवार को गांव में ही
चकिया विकास

सामाजिक सुरक्षा योजना को क्रियान्वित करने के लिए डूमरी गांव में मेगा चौपाल का आयोजनबाल विवाह, बाल श्रम मुक्त, सहित विभिन्न योजनाओं दी गई जानकारी

शहाबगंज। क्षेत्र के मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान व ग्राम पंचायत के संयुक्त तत्वाधान से सामाजिक सुरक्षा योजना पर
error: Content is protected !!