जुलूस निकालकर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे किसान, मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र बीडीओ को सौंपा
शहाबगंज। उत्तर प्रदेश किसान सभा के राज्यव्यापी आह्वान के क्रम में मंगलवार को शहाबगंज ब्लॉक मुख्यालय पर सैकड़ों किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसान सभा के झंडा-बैनर के साथ किसानों ने नगर बाजार में जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विकासखंड कार्यालय पहुंचे। यहां सभा के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र खंड विकास अधिकारी शहाबगंज को सौंपा गया।
किसान सभा ने अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत और मुआवजा देने की मांग की। संगठन ने कहा कि जलजमाव से किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। ऐसे किसानों को प्रति एकड़ 3000 रुपये मुआवजा देने के साथ ही बटाईदार किसानों को भी मुआवजा दिए जाने की मांग की गई। अतिवृष्टि से गिरे कच्चे मकानों के पीड़ित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने तथा बीपीएल सूची में नाम नहीं होने के बावजूद जरूरतमंद गरीब परिवारों को पक्का आवास देने की मांग उठाई गई।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने महंगाई पर रोक लगाने की मांग करते हुए रसोई गैस, चीनी, खाद्य तेल, डीजल और पेट्रोल के दाम कम करने की मांग की। क्षेत्र की सभी सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही गई। महीनों से लंबित वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन का भुगतान शीघ्र लाभार्थियों के खातों में भेजने की मांग भी की गई।
जर्जर सड़कों और जल निकासी का मुद्दा भी उठा

किसान सभा ने शहाबगंज क्षेत्र के भूसी-भोड़सर, केरायगांव, जेगुरी, रोहाखी, बरियारपुर, लेहरा और हड़ौरा सहित विभिन्न गांवों की टूटी-फूटी और जर्जर सड़कों का निर्माण कराने की मांग की। वर्षा और बाढ़ के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था करने, भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर रोक लगाने तथा बिजली के निजीकरण को बंद करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
किसानों ने आय प्रमाणपत्र जारी करने में वास्तविक गरीबी और निर्धनता को आधार बनाने, किसानों को उनकी उपज का एमएसपी की कानूनी गारंटी देने समेत अन्य मांगों को भी मांगपत्र में शामिल किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तर प्रदेश किसान सभा के जिला मंत्री लालचंद सिंह एडवोकेट, मंडल मंत्री नंदलाल और स्वामीनाथ ने किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष परमानंद, शंभूनाथ, महिला नेता लालमणि देवी, जयप्रकाश, बदरू, दूजा अंसारी, बड़ेलाल, छोटेलाल, जयनाथ, रामधर और रिंकू भारती सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। वक्ताओं ने सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
प्रदर्शन को देखते हुए ब्लॉक मुख्यालय पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। किसान सभा के नेताओं ने किसानों से दो अक्टूबर को चकिया गांधी पार्क में प्रस्तावित किसान सभा के आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।




