अशोक राय की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग**
चंदौली।** भोजापुर गांव में निर्माणाधीन नई पुलिस लाइन में मजदूर अशोक राय की छत से गिरकर हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण पुलिस लाइन के गेट पर धरने पर बैठे हैं। इसी क्रम में सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण यादव भी सपा कार्यकर्ताओं के साथ धरने में शामिल हुए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई।धरने पर विधायक प्रभु नारायण यादव ने कहा कि यह केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि मजदूरों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है।
निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। उन्होंने मांग की कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।गौरतलब है कि भोजापुर गांव निवासी 34 वर्षीय अशोक राय की निर्माणाधीन पुलिस लाइन में काम करने के दौरान छत से गिरकर मौत हो गई थी। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के मुताबिक, अशोक परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी गुड़िया देवी और चार बच्चे हैं। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
हादसे के बाद से ही परिजन और ग्रामीण पुलिस लाइन के मुख्य गेट पर धरना देकर निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए और परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए। विधायक के कार्यकर्ताओं के साथ धरने में शामिल होने से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को राजनीतिक समर्थन भी मिला है।धरने पर बैठे लोगों ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना, घटना की जिम्मेदारी तय कराना और परिवार को उचित मुआवजा दिलाना है। अब इस मामले में प्रशासन की ओर से उठाए जाने वाले कदमों पर सबकी निगाहें टिकी हैं।




