सेमरा बगीचा में निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
बीएचयू के हृदय रोग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. ओमशंकर और अरविंद जी ने भी किया संबोधित
शहाबगंज (चंदौली)। कस्बा स्थित सेमरा बगीचा में शनिवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों द्वारा स्थापित मातृभूमि सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आरके नेत्रालय महमूरगंज, वाराणसी की ओर से निःशुल्क नेत्र सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों को आंखों की जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ स्टैंडिंग काउंसिल शीतल प्रसाद गौड़ ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति बेहतर चिकित्सा सुविधा से वंचित न रहे, इसके लिए सामाजिक संस्थाओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने मातृभूमि सेवा ट्रस्ट की ओर से लगातार किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत हैं। ऐसे प्रयासों से सेवा, सहयोग और सामाजिक संवेदना की भावना मजबूत होती है।

मुख्य वक्ता प्रयागराज के चाड़ी नैनी स्थित फाउंडर श्री सुमंगलम के अरविंद जी ने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएं हर व्यक्ति तक पहुंचें। सामाजिक संस्थाओं को जनसेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहना चाहिए।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हृदय रोग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. ओमशंकर ने हृदय रोगों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खानपान और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर हृदय संबंधी बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है। शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार कराना जरूरी है।

वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मातृभूमि सेवा ट्रस्ट की ओर से प्रत्येक शनिवार को निःशुल्क नेत्र सेवा शिविर आयोजित किया जाता है, जिससे क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल रहा है।

इस दौरान ट्रामा सेंटर के सुपरिटेंडेंट एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अजीत सिंह, डॉ. प्रदीप चौरसिया, डॉ. आशुतोष पटेल, आरके नेत्रालय के डायरेक्टर मिथिलेश पांडेय, डॉ. अवनीश पटेल, डॉ. गौतम त्रिपाठी, डॉ. अजय मिश्र और डॉ. मनोज पांडेय प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इसके अलावा लल्लन सिंह, सुभाष त्रिपाठी, सुरेंद्र द्विवेदी, अरविंद मिश्रा, राजेश विश्वकर्मा, सुभाष विश्वकर्मा, सत्यानंद रस्तोगी, मंगला पाठक, सुमंत मौर्य, राधेश्याम और इसरार अली सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन आरके नेत्रालय, महमूरगंज वाराणसी तथा संयोजक मातृभूमि सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय सिंह ने किया।




