सांसद छोटेलाल खरवार ने माल्यार्पण कर किया महोत्सव का शुभारंभ
अतिथियों का हुआ भव्य स्वागत
चंदौली एक्सप्रेस।
संवाददाता – इबरार अली
शहाबगंज,चंदौली। क्षेत्र के घुरहूपुर में सोमवार को 19वीं बौद्ध महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ जन अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रसेन पाल एवं राबर्ट्सगंज के सांसद छोटेलाल खरवार,रमेश कुशवाहा पूर्व विधायक सिवान बिहार,राजेश कुशवाहा राष्ट्रीय सचिव सपा ने भगवान बुद्ध के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस दौरान आयोजकों की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि भगवान बुद्ध के विचार आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं।उन्होंने समाज को शांति, करुणा,भाईचारे और समानता का रास्ता दिखाया।उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक शिक्षित,जागरूक और समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है।उन्होंने लोगों से शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील की।जन अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रसेन पाल ने कहा कि महात्मा बुद्ध की विचारधारा मानवता और सामाजिक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला है।

बुद्ध ने बिना किसी भेदभाव के सभी मनुष्यों को समानता और सम्मान का संदेश दिया।आज जरूरत है कि उनके विचारों को केवल आयोजनों तक सीमित न रखकर उन्हें अपने जीवन में उतारा जाए।
पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट ने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और संवैधानिक अधिकारों की समझ से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।भगवान बुद्ध और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचार सामाजिक समानता और न्याय की प्रेरणा देते हैं।

सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि महापुरुषों के विचार समाज को सही दिशा दिखाते हैं। भगवान बुद्ध का शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश आज के समय में और भी महत्वपूर्ण हो गया है।वहीं बिहार के सिवान से पहुंचे रमेश कुशवाहा एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा ने भी बुद्ध के विचारों को आत्मसात करने और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुदामा यादव जिला उपाध्यक्ष समाजवादी पार्टी,मुश्ताक अहमद,पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राव,जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दशरथ सोनकर,टोनी खरवार,रमाशंकर राजभर, पुल्लू यादव,दिनेश मौर्या सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वशिष्ठ नारायण सिंह ने किया।



