पुलिस पर फायरिंग कर फरार हुआ था आरोपी, गोवंशों की तस्करी कर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाकर करता था बिक्री
इलिया, चंदौली। इलिया थाना पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोतस्करी के एक मामले में करीब 10 माह से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस पर फायरिंग के बाद फरार हो गया था। गुरुवार को पुलिस ने उसे माल्दह पुलिया के पास स्थित काली माता मंदिर के समीप से दबोच लिया। उसके कब्जे से ₹110 नकद बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामबाबू यादव उर्फ आनंद यादव पुत्र शिवलोचन यादव निवासी ग्राम नैपुराकला, थाना लंका, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। वह थाना इलिया में दर्ज गोतस्करी के दो मामलों में वांछित चल रहा था तथा उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस पर की थी फायरिंग, वाहन से मिले थे आठ गोवंश
26 सितंबर 2025 को इलिया थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया था। इस दौरान वाहन सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल होकर गिरफ्तार हो गया, जबकि रामबाबू यादव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक लदे आठ गोवंश बरामद हुए थे, जिनमें तीन मृत तथा पांच जीवित मिले थे। मौके से एक अवैध तमंचा, एक मिस फायर कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ था। इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ विभिन्न स्थानों से गोवंश खरीदकर उन्हें पिकअप वाहन में लादता था और बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाकर अधिक कीमत पर बेचता था।
कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चंदौली के बबुरी, सैयदराजा, इलिया तथा प्रयागराज कमिश्नरेट के हंडिया गंगानगर थाने सहित विभिन्न स्थानों पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




