घोड़े पर सवार होकर कोतवाल ने किया निरीक्षण, पुलिस ने संभाली सुरक्षा और यातायात व्यवस्था
चंदौली एक्सप्रेस
चकिया चंदौली
प्रसिद्ध लतीफ शाह मेले में श्रद्धालुओं और लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरा मेला परिसर चहल-पहल से गुलजार रहा। लोगों ने दरगाह पर पहुंचकर श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और अपनी मन्नतें मांगी।
मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई थीं। खिलौने, घरेलू सामान, खानपान और अन्य सामानों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। बच्चों और युवाओं में झूले व मनोरंजन के साधनों को लेकर खासा उत्साह रहा। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने मेले का आनंद उठाया। आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में मेले को लेकर उत्साह का माहौल रहा।

श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ मेला परिसर और आसपास के मार्गों पर काफी चहल-पहल रही। लोगों की सुविधा को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।
मेले में भारी भीड़ को देखते हुए चकिया कोतवाली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। चकिया कोतवाल संजय सिंह ने घोड़े पर सवार होकर मेला परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ही भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने मेला परिसर में लगातार भ्रमण करते हुए भीड़ पर पैनी नजर रखी। वहीं मेले के आसपास आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
पुलिसकर्मी पूरे मेला क्षेत्र में लगातार सक्रिय नजर आए। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आने-जाने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा गया। पुलिस की मुस्तैदी के चलते मेला शांतिपूर्ण माहौल में चलता रहा। देर शाम तक मेला परिसर में लोगों की भारी भीड़ बनी रही।




